बदायूं। हाफ़िज़ सिद्दीक़ इस्लामिया इण्टर कॉलेज में बढ़ती गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए छात्रों के लिए विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वास्थ कार्यक्रम के नोडल अधिकारी अमरकांत लाल दास ने प्रार्थना सभा के बाद छात्रों को लू के प्रकोप से बचने के उपाय विस्तार से बताए।
लू लगने के कारण और लक्षण
नोडल अधिकारी ने बताया कि हीट वेव के कारण शरीर में पानी की मात्रा कम हो जाती है और तापमान बढ़ जाता है। प्रधानाचार्य मन्सूर हुसैन ने छात्रों को लू लगने के प्रमुख लक्षणों की जानकारी दी। इसमें सिर दर्द होना, सिर भारी लगना, त्वचा का सूखा और लाल हो जाना, उल्टी-दस्त, चक्कर आना और मांसपेशियों में ऐंठन शामिल हैं।
प्राथमिक उपचार है जरूरी
प्रधानाचार्य ने बताया कि लू लगने पर तुरंत प्राथमिक उपचार जरूरी है। इसके लिए पीड़ित को तुरंत छायादार स्थान या पंखे के नीचे बिठाएं और नमक के साथ नींबू का पानी पिलाएं। उन्होंने स्कूल में छात्रों के लिए स्वच्छ एवं ठंडे जल की पर्याप्त व्यवस्था करने और तेज धूप में खुले स्थानों पर गतिविधियां न कराने के निर्देश दिए।
शिक्षकों का मिला सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में उप प्रधानाचार्य डॉ. यासीन अली, अभिभावक-अध्यापक संघ सचिव हसन मुहम्मद अब्दुल्ला, चीफ़ प्रॉक्टर मोहम्मद अज़ीम एवं परीक्षा प्रभारी मोहम्मद अलीम ग़ज़नवी ने विशेष सहयोग दिया।












