आज 20 अप्रैल 2026 को खेसरहा क्षेत्र के बनकटा-2 और पिपरा पडरुपुर में 100 दिवसीय टीबी मुक्त अभियान के तहत हैंड होल्ड एक्स-रे कैंप का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 90 लोगों का एक्स-रे किया गया, जिनमें से 11 संदिग्ध मरीजों को आगे की जांच और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खेसरहा रेफर किया गया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में टीबी के संभावित मरीजों की समय पर पहचान कर उन्हें उचित उपचार उपलब्ध कराना है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर ही लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव के उपाय और उपलब्ध उपचार के बारे में जागरूक किया। शिविर के आयोजन में एसटीएलएस आशीष पांडेय, एक्स-रे टेक्नीशियन गिरिजा शंकर त्रिपाठी, सीएचओ माया चौरसिया और वार्ड बॉय रामू ने सक्रिय भूमिका निभाई। टीम ने ग्रामीणों को बताया कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, बुखार या वजन कम होने जैसे लक्षण महसूस हों, तो उन्हें तुरंत जांच करानी चाहिए। सीएचसी खेसरहा के अधीक्षक डॉ. सुजीत कुमार पांडेय ने जानकारी दी कि 100 दिवसीय टीबी अभियान के तहत क्षेत्र में लगातार ऐसे कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इसका लक्ष्य टीबी को जड़ से खत्म करना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जांच में सहयोग करें और किसी भी लक्षण को नजरअंदाज न करें।
खेसरहा में 100 दिवसीय टीबी अभियान के तहत एक्स-रे कैंप:90 लोगों की जांच, 11 संदिग्ध मरीज रेफर
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












