कानपुर। कचहरी परिसर में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 24 वर्षीय प्रशिक्षु अधिवक्ता प्रियांशु श्रीवास्तव ने न्यायालय भवन की पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उन्होंने दो पेज का सुसाइड नोट लिखा, जिसमें पिता पर मानसिक प्रताड़ना और लगातार दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
सुसाइड नोट में प्रियांशु ने बचपन से लेकर अब तक के अनुभव साझा करते हुए लिखा कि पिता की डांट, अपमान और सख्ती ने उन्हें मानसिक रूप से तोड़ दिया था। उन्होंने यहां तक लिख दिया कि “ऐसे पिता भगवान किसी को न दे” और पिता को उनके शव को छूने से भी मना किया।
बताया जा रहा है कि घटना से करीब तीन घंटे पहले ही उन्होंने सुसाइड नोट व्हाट्सएप स्टेटस पर डाल दिया था। इसके बाद कचहरी पहुंचकर पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर हालत में उन्हें उर्सला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, प्रियांशु हाल ही में लॉ की पढ़ाई पूरी कर अपने पिता के साथ वकालत का प्रशिक्षण ले रहे थे। परिवार में पिता, मां और बहन हैं। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
गौरतलब है कि कचहरी परिसर में पिछले एक साल में आत्महत्या की यह दूसरी घटना है, जिससे सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर भी सवाल उठ रहे हैं।












