HomeHealth & Fitness क्रेशर खदान में नहाने गए 3 युवक डूबे, एक का शव बरामद,...

 क्रेशर खदान में नहाने गए 3 युवक डूबे, एक का शव बरामद, दो अब भी लापता

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बहेरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गुड़ा के पास शुक्रवार को एक क्रेशर खदान में नहाते समय 3 युवक डूब गए। इनमें से एक युवक का शब बरामद कर लिया गया है, जबकि दो का पता नहीं चल पाया है, उनकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम गुड़ा के पास स्थित क्रेशर खदान में शुक्रवार को सात दोस्त नहाने पहुंचे थे। मस्ती का माहौल तब मातम में बदल गया जब गहरे पानी का अंदाजा न होने के कारण तनीश कोरी (19 वर्ष) डूबने लगा।

उसे बचाने के लिए अभिषेक (20 वर्ष) आगे बढ़ा,और फिर उन दोनों की जान बचाने की कोशिश में तेजराम पटेल (20 वर्ष) भी पानी में उतर गया। देखते ही देखते तीनों युवक गहरे पानी में समा गए। अन्य दोस्तों ने शोर मचाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। लगभग 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने एक युवक का शव बरामद कर लिया है।

मृतक की पहचान: अभिषेक उर्फ अध्धा (20 वर्ष), निवासी कैंट क्षेत्र के रूप में है। वहीं, लापता युवक: तनीश कोरी और तेजराम पटेल की तलाश जारी है। रात होने के बावजूद टॉर्च और विशेष उपकरणों की मदद से सर्चिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी शिवा वाल्मिकी ने बताया कि हादसा अचानक हुआ। उसने बताया कि “हम सब नहा रहे थे। तनीश डूबने लगा तो अभिषेक उसे बचाने गया।

तेजराम ने भी कोशिश की। आयुष भी उन्हें बचाने कूदा था, लेकिन डूबते हुए युवकों ने उसे पकड़ लिया था। हमने आयुष को अपनी पैंट की मदद से खींचकर बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक बाकी तीनों गहरे पानी में जा चुके थे।

हादसे की खबर मिलते ही तहसीलदार राहुल गौंड भी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार राहुल गौंड ने घोषणा की है कि मृतक के परिजनों को शासन की ओर से 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

 

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments