सहारनपुर । मिर्जापुर और बड़गांव क्षेत्रों में मिले युवक-युवती के शवों ने सनसनी फैला दी है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह मामला एक खौफनाक साजिश और डबल मर्डर का है, जिसमें प्रेम, धोखा और हत्या की दिल दहला देने वाली कहानी छिपी है।
पुलिस के अनुसार, बागपत निवासी राखी कश्यप और विक्रांत एक-दूसरे से प्रेम करते थे और शादी की तैयारी में थे। लेकिन अचानक कहानी ने खूनी मोड़ ले लिया। आरोप है कि राखी ने अपने साथियों के साथ मिलकर विक्रांत को गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे गाड़ी में डालकर नहर में फेंक दिया गया, जहां उसका शव बरामद हुआ।
मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। आरोपियों को डर था कि सच सामने आ जाएगा, इसलिए उन्होंने राखी को भी रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। उसे नौगांव के पास एक फार्महाउस बुलाया गया, जहां पार्टी के दौरान बेरहमी से चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई और शव रजबहे में फेंक दिया गया।
मोबाइल लोकेशन और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी सुधारस फरार बताया जा रहा है।इस डबल मर्डर केस ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पूरा सच सामने लाया जाएगा।












