Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बस्ती में हाईटेंशन लाइन के खंभे गिरे:दो दिन से सड़क पर, राहगीरों...

बस्ती में हाईटेंशन लाइन के खंभे गिरे:दो दिन से सड़क पर, राहगीरों के लिए खतरा

#बस्ती_न्यूज

बस्ती जिले के कप्तानगंज की ग्राम पंचायत नयकापार में आंधी-तूफान के कारण 11000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के खंभे टूटकर सड़क पर गिर गए हैं। यह घटना दो दिन पहले हुई थी, लेकिन अभी तक न तो टूटे खंभों को सड़क से हटाया गया है और न ही क्षतिग्रस्त बिजली लाइन की मरम्मत की गई है। सड़क पर बिखरे हाईटेंशन तार और टूटे खंभे राहगीरों के लिए खतरनाक स्थिति पैदा कर रहे हैं। यह मार्ग पोखरा से राम जानकी मार्ग को जोड़ता है और नयकापार गांव तक जाता है। प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण, राहगीर और वाहन चालक इसी सड़क से आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क पर पड़े हाईटेंशन तार किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। इस संबंध में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मंटू सिंह ने बताया कि गांव में बिजली आपूर्ति ठप है। वहीं, जेई पदमापुर सुनील यादव ने फोन पर जानकारी दी कि उन्हें मामले की जानकारी है और जल्द ही नया खंभा लगवाकर लाइन दुरुस्त करा दी जाएगी। हालांकि, दो दिन बीत जाने के बाद भी जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय ग्रामीणों में बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर आक्रोश है। उनका कहना है कि इस कारण न केवल गांव में अंधेरा है, बल्कि सड़क पर पड़े टूटे खंभे और उलझे तार किसी भी राहगीर या मवेशी के लिए घातक साबित हो सकते हैं। ग्रामीणों ने तत्काल खंभों को सड़क से हटाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके। इसी ग्राम पंचायत नयकापार में बिरतीहा को जाने वाले मार्ग पर भी एक खंभा टूटकर सड़क पर गिरा हुआ है। इस कारण भी ग्रामीण काफी परेशान हैं और उनकी समस्या का समाधान अभी तक नहीं हो पाया है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments