लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर चक गंजरिया स्थित पराग फैक्ट्री में श्रमिक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने श्रमिकों को सम्मानित करते हुए कहा कि प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने में मजदूरों की भूमिका सबसे अहम है।
उन्होंने श्रमिकों के साथ बैठकर भोजन भी किया और उन्हें परिवार की तरह मिलकर काम करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारी और अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा- किसी भी अर्थव्यवस्था की प्रगति श्रमिकों के बिना संभव नहीं है। दुग्ध क्षेत्र में लगातार बढ़ती उत्पादन क्षमता के पीछे श्रमिकों का परिश्रम और समर्पण ही मुख्य कारण है।
उन्होंने कहा कि ‘पराग’ ब्रांड ने प्रदेश को दुग्ध क्षेत्र में नई पहचान दिलाई है। अब जरूरत है कि आधुनिक तकनीकों के उपयोग और श्रमिकों के कौशल विकास के जरिए उत्पादन और गुणवत्ता दोनों को और बेहतर किया जाए, ताकि यह ब्रांड राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हो सके। मंत्री ने फैक्ट्री का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुग्ध प्लांट पूरी क्षमता और पेशेवर तरीके से संचालित किए जाएं। उन्होंने मार्केटिंग को मजबूत करने और नए उत्पाद जल्द बाजार में लाने पर जोर दिया।
उन्होंने साफ कहा कि दूध में किसी भी प्रकार की मिलावट या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उत्पादन प्रक्रिया और मशीनरी की समीक्षा करते हुए उन्होंने गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम ने कहा- श्रमिक किसी भी संस्था की रीढ़ होते हैं। उनके बिना उत्पादन प्रणाली मजबूत नहीं हो सकती। उन्होंने श्रमिकों के कौशल विकास और बेहतर सुविधाओं के लिए विभाग की प्रतिबद्धता दोहराई।
पराग के प्रबंध निदेशक वैभव श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारियों ने भी श्रमिकों को शुभकामनाएं दीं। समारोह में मनोज मौर्य, हरीश दुबे, अभिषेक सिंह, राम बक्श, सोनू सिंह, विजय कुमार, हर्ष पांडे, मनोज कुमार सिंह, भगवती प्रसाद और बृजलाल यादव समेत कई कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।












