लखनऊ। महिंगवा क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में शुक्रवार दोपहर एक युवक की खेत में पानी लगाते समय करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अमित के रूप में हुई है। इस घटना के विरोध में शनिवार को आक्रोशित परिजनों ने पहाड़पुर–कुम्भरावा रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया, जिससे इलाके में आवागमन बाधित रहा।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद सड़क जाम खुलवाया गया। एसीपी बीकेटी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक अमित प्रकाश नामक व्यक्ति के यहां काम करता था। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद सुलह हो गई है। पुलिस ने परिजनों को सरकारी सुविधाएं दिलाने में हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
हालांकि, मृतक की पत्नी रोहनी ने इसे हादसा मानने से इनकार किया है। उनका आरोप है कि अमित की जानबूझकर करंट लगाकर हत्या की गई है। परिजनों के अनुसार, अमित परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उनकी मौत के बाद परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। उन्होंने घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्ति से उचित मुआवजे की मांग की है।
मृतक के चाचा के बेटे सुभाष ने बताया कि अमित, प्रकाश के यहां काम करता था। प्रकाश ने ट्रस्ट की जमीन ठेके पर ले रखी है, जिसके चारों ओर तार बिछाए गए हैं। आरोप है कि इन तारों में रात के समय बिजली का करंट प्रवाहित किया जाता था। सुभाष के अनुसार, इस बारे में अमित को कोई जानकारी नहीं दी गई थी।












