नई दिल्ली: भारतीय वायुसेना मुख्यालय की तरफ से सभी कमांड्स को एक लेटर भेजा गया है। ये लेटर एक डिमांड सर्वे के बारे में है। इसके जरिए ये आकलन किया जाएगा कि एयरफोर्स के कितने अधिकारी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने के इच्छुक हैं।
लेटर में कही गई ये बात
इस लेटर में कहा गया है कि एयर हेडक्वॉर्टर एक ऐसे प्रस्ताव पर विचार कर रहा है, जिसमें शॉर्ट सर्विस कमीशन (SSC) अधिकारियों को सिविल सेवा परीक्षा जैसे आईएएस, आईपीएस और आईएफएस की तैयारी के लिए सुविधा देने की बात कही गई है। ये परीक्षा यूपीएससी आयोजित करता है। एयरफोर्स सूत्रों के मुताबिक इस पहल का मकसद उन अधिकारियों को मौका देना है, जो डिफेंस सर्विस के बाद प्रशासनिक सेवाओं में करियर बनाना चाहते हैं।
एयरफोर्स ने शुरू किया डिमांड सर्वे
इसी के तहत एयरफोर्स ने एक डिमांड सर्वे शुरू किया है। जिससे ये साफ हो सके कि कितने अधिकारी सिविल सेवा परीक्षा में शामिल होने को लेकर गंभीर हैं। इसके लिए अधिकारियों से सर्वे फॉर्म भरने को कहा गया है। सिर्फ शॉर्ट सर्विस कमीशन अधिकारियों को ही नहीं, बल्कि परमानेंट कमीशन अधिकारियों से भी इस सर्वे में भाग लेने को कहा गया है। हालांकि उन्हें सिविल सेवा में जाने के लिए यूपीएससी की सामान्य भर्ती प्रक्रिया का ही पालन करना होगा।
किन अधिकारियों को फॉर्म भरने को कहा
एयरफोर्स ने कम से कम पांच साल का अनुभव रखने वाले अधिकारियों को यह सर्वे फॉर्म भरने के लिए कहा है। इस सर्वे के नतीजों के आधार पर आगे की नीति और सुविधाओं पर फैसला लिया जा सकता है। यह कदम एयरफोर्स के भीतर करियर विकल्पों को विस्तार देने और अधिकारियों को नई संभावनाओं की ओर बढ़ने का मौका देने के तौर पर देखा जा रहा है।












