लखनऊ। लखनऊ के थाना गुडम्बा पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 1 मई 2026 को वादी द्वारा थाना गुडम्बा में तहरीर दी गई थी कि उसकी 17 वर्षीय पुत्री को फराज आलम अपने साथ बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। इस पर पुलिस ने मु0अ0सं0 181/2026 धारा 137(2)/87 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने मैनुअल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार पतारसी और सुरागरसी के बाद पुलिस को सफलता मिली और उसी दिन शाम करीब 5:50 बजे खुर्रम नगर रोड फ्लाईओवर के पास से पीड़िता को आरोपी के कब्जे से सकुशल बरामद कर लिया गया। मौके से आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में फराज आलम ने बताया कि वह पीड़िता को पिछले दो साल से जानता है और शादी करने के उद्देश्य से उसे अपने साथ ले गया था। उसने यह भी कहा कि उसे पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी नहीं थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरी कार्रवाई को थाना गुडम्बा पुलिस टीम ने अंजाम दिया, जिसमें थाना प्रभारी अंजनी कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक फनीश कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।पुलिस के अनुसार, मामले की आगे की विवेचना जारी है।












