बहराइच में शुक्रवार को विश्व रेडक्रॉस दिवस ‘मानवता के लिए एकजुट’ थीम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई, रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ और 25 टीबी ग्रसित बच्चों को गोद लिया गया। जिलाधिकारी ने स्वयं दो बच्चों के उपचार और पोषण का जिम्मा उठाया। कार्यक्रम का शुभारंभ इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने किया। उन्होंने क्षय रोगियों को पोषण पोटली बांटते हुए कहा कि टीबी से लड़ाई केवल दवाओं से नहीं, बल्कि समाज के सहयोग और बेहतर पोषण से भी जीती जा सकती है। इस दौरान कुल 25 टीबी ग्रसित बच्चों को गोद लिया गया, जिनमें से दो बच्चों के उपचार और पोषण का संकल्प स्वयं जिलाधिकारी ने लिया। सोसायटी के सचिव एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने मेडिकल कॉलेज में आयोजित रक्तदान शिविर में स्वयं रक्तदान कर मिसाल पेश की। उन्होंने इस मौके पर कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। इस वर्ष की थीम ‘यूनाइटेड इन ह्यूमैनिटी’ यानी “मानवता के लिए एकजुट” रही। इसका उद्देश्य बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंदों की सहायता करना तथा जाति, धर्म, भाषा और सीमाओं से ऊपर उठकर समाज में मानवता, सेवा और बंधुत्व की भावना को मजबूत करना है। रेड क्रॉस सोसायटी की प्रबंध कार्यकारिणी के सदस्य पुत्तीलाल बाजपेयी ने संस्था के गौरवशाली इतिहास और सेवाभाव पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रेडक्रॉस आज भी मानव सेवा और आपदा सहायता का मजबूत माध्यम बना हुआ है।
जिले में 25 टीबी ग्रसित बच्चे गोद लिए गए:रेडक्रॉस दिवस पर डीएम ने बांटी पोषण पोटली, सीएमओ ने किया रक्तदान
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












