सिद्धार्थनगर जनपद में सड़क और पुल निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा ग्रामीण से लेकर प्रमुख मार्गों तक बेहतर आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में लोक निर्माण विभाग की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने सड़क चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण, नए मार्ग निर्माण और ब्लैक स्पॉट सुधार जैसे मुद्दों पर अहम निर्देश दिए। बैठक की अध्यक्षता सांसद जगदम्बिका पाल ने की। इसमें विधायक श्यामधनी राही, विधायक सैय्यदा खातून, विधान परिषद सदस्य ध्रुव कुमार त्रिपाठी और जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन सहित लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होती हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बरसात शुरू होने से पहले सभी जर्जर और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर पूरा किया जाए। इससे बारिश के दौरान लोगों को आवागमन में कोई परेशानी नहीं होगी। उन्होंने यह भी कहा कि अक्सर बरसात में सड़कें खराब होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित होता है, जिससे आम जनता, किसान, छात्र और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। ऐसे में विभाग समय रहते सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर ले। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि लोक निर्माण विभाग की योजनाओं और निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा के लिए हर तीन माह पर बैठक आयोजित की जाएगी। इससे कार्यों की प्रगति पर निगरानी रखी जा सकेगी और लंबित परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जा सकेगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रस्तावित कार्ययोजना में प्रमुख जिला मार्गों, अन्य जिला मार्गों, राज्य मार्गों तथा धर्मार्थ मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए जाने वाले प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया जाए, ताकि क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य हो सकें।
सिद्धार्थनगर में सड़क-पुल निर्माण की कार्ययोजना तैयार:बारिश से पहले सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, जनप्रतिनिधियों ने दिए निर्देश
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












