देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर जोर पकड़ चुका है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज यानी 27 जुलाई को पूर्वी, मध्य और उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा। सबसे अधिक असर ओडिशा और छत्तीसगढ़ में देखने को मिल सकता है, जहां अत्यधिक भारी बारिश यानी रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर राज्यों और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में भी कई जगहों पर तेज बारिश का अनुमान है।
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बौछारें और 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पिछले कुछ दिनों की तुलना में तापमान में गिरावट रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें: हंसिया से पत्नी को काटा, झूठी कहानी गढ़ी; 5 साल के बेटे ने पिता को भिजवाया जेल
यूपी-बिहार में जारी रहेगा बारिस का दौर
उत्तर प्रदेश के पूर्वी, मध्य और तराई क्षेत्रों में कई स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी अलग-अलग स्थानों पर तेज बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। जिन राज्यों में बारिश होने की संभावना है उनमें मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, मोरादाबाद, बरेली, कानपुर, बदायूं, रामपुर, मैनपुरी, ललितपुर, सीतापुर, हरदोई, बहराइच, कन्नौज, कुशीनगर, प्रयागराज, गोरखपुर और देवरिया शामिल हैं।
बिहार में भी सोमवार से बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है। राज्य के उत्तरी और पूर्वी जिलों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है। जिन राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है उनमें पटना, गया, सारण, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, कटिहार, किशनगंज, अररिया, भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण शामिल है। मौसम विभाग के अनुसार, सप्ताह के दूसरे हिस्से में बारिश का दायरा और बढ़ सकता है।
ओडिशा और छत्तीसगढ़ में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने ओडिशा और छत्तीसगढ़ के लिए सबसे गंभीर चेतावनी जारी की है। ओडिशा में 26 और 27 जुलाई को तथा छत्तीसगढ़ में 27 जुलाई को अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। लगातार बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। प्रशासन को सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग ने दोनों राज्यों में आज रेड अलर्ट जारी किया है।
पहाड़ी राज्यों में भी बारिश जारी
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में सोमवार को कई स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। इन राज्यों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश का सिलसिला बना हुआ है। आज भी उत्तराखंड के चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार और ऋषिकेश में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में सड़कें प्रभावित होने की खबरें सामने आई हैं और प्रशासन संवेदनशील मार्गों पर लगातार निगरानी रखे हुए है। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर, चंबा, सिरमौर, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला, किन्नौर, मंडी और सोलन में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वोत्तर में बारिश से अब भी मुश्किलें
पूर्वोत्तर के राज्यों में इस साल बारिश का सबसे ज्यादा कहर देखने को मिल रहा है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी मॉनसून सक्रिय बना हुआ है। असम के कई जिलों में लगातार बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। वहीं मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज होने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें: एग्जाम सिस्टम में सुधार: PM मोदी ने बनाई टास्क फोर्स, नीलेकणि होंगे अध्यक्ष
इस हफ्ते कैसा रहेगा मौसम?
आईएमडी के मुताबिक सप्ताहभर मॉनसून सक्रिय बना रहेगा। 29 जुलाई से 1 अगस्त के बीच मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में बारिश का नया दौर देखने को मिल सकता है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी सप्ताह के दूसरे हिस्से में भारी बारिश का अनुमान है। ओडिशा में 28 जुलाई तक कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का सिलसिला पूरे सप्ताह जारी रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान देश के पूर्वी, मध्य और उत्तर भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ मॉनसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा।












