चेन्नई। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 53वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को पांच विकेट से हरा दिया।
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मुकाबल में एलएसजी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 203 रन बनाए।जवाब में सीएसके ने 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 208 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ चेन्नई ने प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। टीम के 11 मैचों में छह जीत के साथ 12 अंक हो गए हैं। इसी के साथ चेन्नई अंक तालिका में पांचवें नंबर पर पहुंच गई है।
वहीं, लखनऊ की टीम इस हार के साथ अंक तालिका में सबसे नीचे 10वें स्थान पर है। टीम के 11 मैचों में 6 अंक हैं। 204 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई ने तेज शुरुआत की। टीम ने पावरप्ले में 97 रन बटोरे।
इस दौरान टीम ने मात्र एक विकेट खोया। सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन चौथे ओवर में बोल्ड हो गए। सैमसन ने 14 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 28 रन बनाए।
टीम का दूसरा विकेट उर्विल पटेल के रूप में गिरा। युवा बल्लेबाज ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए आईपीएल इतिहास का संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक लगाया। उर्विल ने 13 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उर्विल ने 23 गेंदों पर दो चौकों और आठ छक्कों की मदद से 65 रन बनाकर आउट हुए।
कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के रूप में सीएसके को तीसरा झटका लगा। गायकवाड़ अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन 28 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 42 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस 10 रन और कार्तिक शर्मा 20 रन बनाकर आउट हुए। आखिर में प्रशांत वीर 12 गेंदों में नाबाद 18 रन और शिवम दुबे ने सात गेंदों में नाबाद 15 रन बनाते हुए टीम को जीत दिला दी।
लखनऊ की ओर से शाहबाज अहमद और दिग्वेश सिंह राठी ने दो-दो विकेट लिए, जबकि आवेश खान को एक विकेट मिला। इससे पहले लखनऊ सुपर जाएंट्स ने अपनी पारी में 8 विकेट पर 203 रन बनाए थे।
सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस ने एलएसजी को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआती पांच ओवर में 77 रन जोड़ दिए। लखनऊ को पहला झटका मिचेल मार्श के रूप में लगा।
मार्श 10 बनाकर आउट हुए। इसके बाद निकोलस पूरन भी जल्दी आउट हो गए। पूरन तीन गेंदों पर एक रन बना सके लखनऊ को बड़ा झटका जोश इंग्लिस के रूप लगा।
इंग्लिस तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में 85 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान ऋषभ पंत 12 गेंदों में 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे। मध्यक्रम में बल्लेबाजी के लिए उतरे एडेन मार्करम भी सात गेंदों पर छह रन बनाकर आउट हो गए।
लखनऊ की टीम ने 130 रन तक अपने पांच विकेट खो दिए। इसके बाद अक्षत रघुवंशी, शाहबाज अहमद और हिम्मत सिंह ने क्रमश: 18 रन, 43 रन और 17 रन बनाते हुए टीम के स्कोर को 203 रन तक पहुंचाया। चेन्नई की ओर से जेमी ओवरटन ने तीन विकेट, अंशुल कंबोज ने दो विकेट और नूर अहमद ने एक विकेट लिया।












