HomeHealth & Fitnessजाैनपुर में 21 मई को होगी लेखपाल भर्ती परीक्षा, 21 केंद्रों पर...

जाैनपुर में 21 मई को होगी लेखपाल भर्ती परीक्षा, 21 केंद्रों पर 10 हजार अभ्यर्थी होंगे शामिल

जौनपुर । यूपी के जौनपुर में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 21 मई 2026 को आयोजित होने वाली लेखपाल भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आयोग के सचिव हरिकेश चौरसिया ने रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में परीक्षा की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जनपद के कुल 21 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें लगभग 10 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित कराई जाएगी।

प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापक की तैनाती की गई है। इसके साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं, जो परीक्षा की निगरानी करेंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा उनकी निगरानी के लिए कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है।

बैठक में परीक्षा के दिन यातायात, परिवहन और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, वरिष्ठ कोषाधिकारी, एआरटीओ, क्षेत्राधिकारी नगर, एआरएम रोडवेज, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments