बहराइच में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। शनिवार देर रात करीब 12 बजे स्वाट और रामगांव पुलिस की टीम ने कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश फिरोज के पैर में गोली लगी। उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। रामगांव थाना प्रभारी गुरुसेन सिंह और स्वाट टीम प्रभारी राकेश सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, जिले में हुई चोरियों और अन्य वारदातों में शामिल दो बदमाश बाइक से भकला गोपालपुर की ओर जा रहे थे। पुलिस टीम ने बदमाशों को पकड़ने के लिए अकिलापुर चौराहे से भकला गोपालपुर रोड पर घेराबंदी की। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर दो लोग आते दिखे। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने जानलेवा हमले की नीयत से पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान बहराइच के ग्राम मुड़कटी, थाना बौंडी निवासी फिरोज के रूप में हुई है। फिरोज ने अपने फरार साथी का नाम मुल्कराज बताया है, जिसकी तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं। घायल बदमाश के पास से दो सोने के झाले, 315 बोर का एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। फिरोज पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। पुलिस के अनुसार, दो दिन पहले हुई एक अन्य मुठभेड़ में फिरोज का एक साथी असलम भी घायल हुआ था, तब फिरोज मौके से भाग निकला था। फिरोज के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी के 12 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
बहराइच में 50 हजार इनामी पुलिस मुठभेड़ में घायल:एक साथी फरार, 12 से अधिक चोरी के मुकदमे दर्ज थे
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












