लखनऊ। कमिश्नरेट लखनऊ के अंतर्गत कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नगराम पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना नगराम पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम-1970 के तहत प्रभावी कार्रवाई की है।
पुलिस ने मनोज यादव पुत्र चन्द्रशेख निवासी भवानीखेड़ा मजरा समेसी थाना नगराम को गुण्डा घोषित करते हुए धारा-03 के अंतर्गत 6 माह के लिए जिला बदर कर दिया है। वहीं वीरेन्द्र कुमार यादव निवासी ग्राम कनेरी थाना नगराम को भी गुण्डा घोषित करते हुए धारा 3(3)(ख) के तहत अगले तीन माह तक प्रत्येक सप्ताह थाना नगराम में उपस्थित होकर हाजिरी लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मनोज यादव पर मारपीट, धमकी, रंगदारी और एससी/एसटी एक्ट समेत चार मुकदमे दर्ज हैं, जबकि वीरेन्द्र कुमार यादव पर धोखाधड़ी, धमकी और मारपीट सहित कई मामले दर्ज हैं।
नगराम पुलिस का कहना है कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों में कानून का भय पैदा करने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।












