Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)भिनगा में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से ई-रिक्शा सवार की मौत:भिनगा-लक्ष्मणपुर मार्ग पर...

भिनगा में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से ई-रिक्शा सवार की मौत:भिनगा-लक्ष्मणपुर मार्ग पर हादसा, 8 साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया


श्रावस्ती के कोतवाली भिनगा क्षेत्र में शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ई-रिक्शा सवार युवक की मौत हो गई। हादसा भिनगा-लक्ष्मणपुर मार्ग पर भुजंग गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। सिटकहवा गांव के मजरा बन्ठिहवा निवासी मेराज अली पुत्र रहमत अली ई-रिक्शा से भिनगा जा रहे थे। इसी दौरान बिशुनापुर की तरफ से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली ने उनके ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में मेराज अली गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि रिक्शा में सवार अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं। मेराज के पैर और सीने में गंभीर चोट लगी थी। घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल को जिला अस्पताल भिनगा पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बहराइच रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, ट्रैक्टर मालिक बेहतर इलाज के लिए युवक को बस्ती ले जाने की बात कहकर रवाना हुआ, लेकिन रास्ते में ही मेराज अली की मौत हो गई। देर रात शव घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने पीछे पत्नी और 8 वर्षीय बेटे को छोड़ गया है। घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बन्ठिहवा चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। शनिवार सुबह मृतक के भाई कौशर अली ने कोतवाली भिनगा में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments