अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की ओर से आयोजित होगा भव्य कार्यक्रम, कई दिग्गज नेता और जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
जौनपुर। जिले के सिद्दीकपुर स्थित मां दुर्गा जी विद्यालय में रविवार 17 मई को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा द्वारा “शौर्य शक्ति स्वाभिमान सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह” का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के कई प्रमुख नेता, विधायक एवं समाजसेवी शामिल होकर समाज को एकजुटता और स्वाभिमान का संदेश देंगे।
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के बैनर तले आयोजित होने जा रहे “शौर्य शक्ति स्वाभिमान सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह” को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। यह कार्यक्रम सम्राट पृथ्वीराज चौहान व राष्ट्र गौरव महाराणा प्रताप जयंती समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सांसद एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर हरिवंश सिंह करेंगे, जबकि उद्घाटन पूर्व गृह राज्य मंत्री महाराष्ट्र कृपाशंकर सिंह द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह मौजूद रहेंगे।
पूर्व सांसद कुंवर हरिवंश सिंह और विधायक शाहगंज रमेश सिंह ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य समाज में शौर्य, स्वाभिमान और प्रतिभाओं को सम्मानित करने के साथ सामाजिक एकता को मजबूत करना है।
बताया कि राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले दोनों महापुरुषों से हमारी अगली पीढ़ियां प्रेरणा लेंगी। आयोजक गौरव सिंह ने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है।












