श्रावस्ती के हरिहरपुररानी तहसील क्षेत्र के भंगहा बाजार में शनिवार को प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। सरकारी भूमि पर बनी करीब दर्जनों गुमटियों और टिन शेड की दुकानों को बुलडोजर से हटवा दिया गया। इस अचानक हुई कार्रवाई से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस की मौजूदगी में राजस्व विभाग की टीम ने अतिक्रमण हटाने का काम किया। बुलडोजर चलते ही बाजार में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार अपनी दुकानें टूटते देख आक्रोशित हो गए। भिनगा के उपजिलाधिकारी आशीष भारद्वाज ने बताया कि भंगहा बाजार में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जांच के बाद अतिक्रमणकारियों को पहले नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने और दो बार नोटिस जारी करने के बावजूद जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो नियमों के तहत राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बेदखली की कार्रवाई की। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। बुलडोजर कार्रवाई के बाद भंगहा बाजार के दुकानदारों में प्रशासन के प्रति नाराजगी भी साफ दिखी। व्यापारियों का कहना है कि उनकी रोजी-रोटी इन दुकानों पर निर्भर थी और अचानक हुई कार्रवाई से वे आर्थिक संकट में आ गए हैं। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह नियमानुसार और पूर्व सूचना के बाद की गई है।
भंगहा बाजार में प्रशासन का बुलडोजर चला:नोटिस के बावजूद नहीं हटाया था, प्रशासन ने बुलडोजर से हटवाया अवैध कब्जा
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












