सिद्धार्थनगर के पथरा बाजार थाना क्षेत्र के पड़ाईन बनगवा गांव में रास्ते के विवाद को लेकर हुई मारपीट में घायल अमीरुल्लाह की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए 20 मई को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल आला कत्ल भी बरामद करने का दावा किया है। यह घटना 19 मई 2026, मंगलवार सुबह की है। गांव निवासी इमरान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह मंगलवार सुबह अपनी मोटरसाइकिल से घर से पथरा बाजार स्थित दुकान पर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते के विवाद को लेकर गांव के सूर्यनाथ पाण्डेय, उनकी पत्नी सरोज, पुत्री मुस्कान और पुत्र निलेश पाण्डेय ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि देखते ही देखते यह विवाद मारपीट में बदल गया। आरोपियों ने लाठी-डंडे, मुक्का और लात से हमला कर दिया। इस मारपीट में अमीरुल्लाह के साथ-साथ जमीरुल्लाह, अरबाज, कलीमुल्लाह और रुबीना भी घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवा ले जाया गया। वहां अमीरुल्लाह की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया। बताया गया कि लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही अमीरुल्लाह की मौत हो गई। घटना के बाद पथरा बाजार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। अमीरुल्लाह की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा (302) बढ़ाई गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश मिश्र के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने 20 मई 2026 को आरोपी सूर्यनाथ पाण्डेय और उनके पुत्र जलज पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी ग्राम बनगवा पड़ाइन, थाना पथरा बाजार, जनपद सिद्धार्थनगर के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आला कत्ल भी बरामद किया गया है। हालांकि, पुलिस ने गिरफ्तारी स्थल की जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
रास्ते के झगड़े में युवक को पीटा, मौत:दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद किया
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











