महोबा। राष्ट्र निर्माण, युवा चेतना और भारतीय संस्कृति के संरक्षण को समर्पित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के केंद्रीय कार्यालय ‘केशव कुंज’ नई दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित ‘यूथ फॉर भारत’ कार्यक्रम में महोबा-हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के पूर्व सांसद कुंवर पुष्पेंद्र सिंह चंदेल के सुपुत्र एवं युवा अधिवक्ता-चिंतक एडवोकेट कुंवर यशोवर्मन सिंह चंदेल ने सहभागिता कर बुंदेलखंड का गौरव बढ़ाया। संघ के वरिष्ठ प्रचारकों के मार्गदर्शन एवं गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस राष्ट्रीय गोष्ठी में देशभर से चयनित प्रबुद्ध युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों, फिल्म निर्माताओं, कलाकारों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले युवा प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा को राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता, सेवा कार्यों और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ते हुए भारत को वैश्विक स्तर पर और अधिक सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सार्थक संवाद स्थापित करना रहा। दिल्ली प्रवास के दौरान कार्यक्रम में शामिल हुए एडवोकेट कुंवर यशोवर्मन सिंह चंदेल ने कहा कि RSS के केंद्रीय कार्यालय ‘केशव कुंज’ में आयोजित यह आयोजन केवल एक गोष्ठी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की विचारधारा को आगे बढ़ाने वाला प्रेरणादायी अभियान है। उन्होंने कहा कि आज का युवा यदि अपनी जड़ों, संस्कृति और राष्ट्रीय मूल्यों से जुड़कर आगे बढ़े, तो भारत विश्व मंच पर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कार्यक्रम में मिले अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभाशाली युवाओं के विचार, दृष्टिकोण और राष्ट्र के प्रति समर्पण ने उन्हें अत्यंत प्रेरित किया। ‘यूथ फॉर भारत’ जैसे मंच युवाओं को केवल संवाद का अवसर नहीं देते, बल्कि उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बनने की प्रेरणा भी प्रदान करते हैं।
एडवोकेट कुंवर यशोवर्मन सिंह चंदेल की इस राष्ट्रीय स्तर की सक्रिय सहभागिता को लेकर महोबा और पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है। स्थानीय युवाओं, समाजसेवियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय मंचों पर बुंदेलखंड के युवा नेतृत्व की प्रभावी उपस्थिति आने वाली पीढ़ी को शिक्षा, संस्कृति, सामाजिक सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों के लिए नई प्रेरणा देगी। क्षेत्रीय नागरिकों का मानना है कि कुंवर यशोवर्मन सिंह चंदेल जैसे युवा व्यक्तित्व न केवल बुंदेलखंड की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत कर रहे हैं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व और भारतीय संस्कारों के साथ आगे बढ़ने का संदेश भी दे रहे हैं।
महोबा के युवा चिंतक कुंवर यशोवर्मन सिंह चंदेल ने RSS मुख्यालय में ‘यूथ फॉर भारत’ कार्यक्रम में बढ़ाया बुंदेलखंड का मान
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












