श्रावस्ती जनपद में बकरीद (ईद-उल-अजहा) का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जा रहा। जिले भर की विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अलग-अलग समय में नमाज अदा की। इस दौरान देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं। प्रशासन की अपील का व्यापक असर भी देखने को मिला। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अनुशासन का परिचय देते हुए अलग-अलग शिफ्टों में ईदगाह के अंदर ही नमाज अदा की। इस व्यवस्था से यातायात सुचारु बना रहा और किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई। पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी। पुलिस और पीएसी के जवान जिलेभर में तैनात रहे। संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी गई, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति पर तत्काल नियंत्रण किया जा सके। जनपद को कुल 8 जोन और 17 सेक्टर में विभाजित किया गया था। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं इकौना क्षेत्र सहित अन्य संवेदनशील इलाकों में पुलिसकर्मी बाइक से लगातार गश्त करते रहे। पुलिस अधीक्षक ने भी पूर्व मे सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए फ्लैग मार्च किया, जिससे आमजन में सुरक्षा का भरोसा बना रहा। दरअसल बकरीद इस्लाम धर्म का एक प्रमुख त्योहार है। यह पैगंबर हज़रत इब्राहिम द्वारा अल्लाह के हुक्म पर अपने बेटे हज़रत इस्माइल को कुर्बान करने के सर्वोच्च समर्पण और अटूट विश्वास की याद में मनाया जाता है। इस दिन विशेष नमाज अदा की जाती है और त्याग, आज्ञाकारिता व परोपकार का संदेश दिया जाता है। श्रावस्ती में बकरीद का पर्व शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ संपन्न हुआ। मुस्लिम भाइयों ने एक दूसरे के गले मिल बकरीद की मुबारकबाद भी दी। यह जिले की गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक बना।
श्रावस्ती में शांतिपूर्ण माहौल में मनाई जा रही बकरीद:ईदगाहों में नमाज अदा कर मांगी गई अमन चैन की दुआएं, सुरक्षा के लिए ड्रोन से निगरानी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












