बिजनौर। जनपद में आगामी दिनों में मौसम के तेवर बिगड़ने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने मौसम विभाग, उत्तर प्रदेश लखनऊ के हवाले से जानकारी देते हुए बताया कि 31 मई 2026 तक बिजनौर में तेज आंधी-तूफान, बारिश, वज्रपात (आकाशीय बिजली) तथा ओलावृष्टि की प्रबल संभावना जताई गई है। इसको लेकर जिला प्रशासन की ओर से विस्तृत एडवाइजरी जारी की गई है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि खराब मौसम और वज्रपात के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करें। उन्होंने विशेष रूप से किसान भाइयों से कहा कि खेतों में कार्य करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें और मेघगर्जन या बिजली चमकने की स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंच जाएं।
डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि आंधी-तूफान और वज्रपात के समय पेड़ों, खुले मैदानों, बिजली के खंभों, जलाशयों और मोबाइल टावरों के आसपास खड़ा होना बेहद खतरनाक हो सकता है। ऐसे समय में केवल पक्के भवनों या सुरक्षित स्थानों में ही शरण लें।
उन्होंने नागरिकों को मौसम संबंधी पूर्व चेतावनी प्राप्त करने के लिए “दामिनी एप” डाउनलोड करने की सलाह दी और कहा कि स्मार्ट मोबाइल धारक समय-समय पर मिलने वाली सूचनाओं का पालन करें तथा दूसरों को भी जागरूक करें। साथ ही खराब मौसम के दौरान बिजली से चलने वाले उपकरणों का उपयोग बंद रखने और तालाब, नदी व नहर जैसे जल स्रोतों से दूर रहने की हिदायत दी गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति, जनहानि या संपत्ति क्षति की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को दें। आपदा सहायता के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के टोल फ्री नंबर 1077 और 01342-262031 पर संपर्क किया जा सकता है। आग लगने की स्थिति में 112 या 101 तथा चिकित्सीय सहायता के लिए 108 नंबर पर संपर्क करने की अपील की गई है।












