सिद्धार्थनगर जनपद के ढेबरुवा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम तिरछहवा पुल के पास एक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने कार चालक को पीछा कर पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है। मृतक की पहचान ग्राम खैरी उर्फ झगहवा टोला तिरछहवा निवासी खद्दूश पुत्र मोहम्मद रफीक के रूप में हुई है। तौफीक पुत्र मोहम्मद रफीक ने बताया कि उसका भाई खद्दूश गुरुवार शाम अपनी मोटरसाइकिल से कोठी चौराहे की ओर जा रहा था। इसी दौरान तिरछहवा पुल के उत्तर दिशा में कोठी चौराहे की तरफ से आ रही महिन्द्रा XUV कार संख्या UP 14 AL 5124 ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक गंगाराम पुत्र मेवालाल निवासी खैरा बाजार, थाना कपिलवस्तु, जनपद सिद्धार्थनगर लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि खद्दूश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन संतोष चौधरी पुत्र राधेश्याम और नितेश यादव पुत्र जयप्रकाश यादव ने ग्रामीणों की मदद से करीब एक किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया। इस दौरान भीड़ ने चालक की पिटाई भी की। घटना की सूचना मिलते ही ढेबरुवा थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए चालक गंगाराम और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में लिया और थाने पहुंचाया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद ने बताया कि चालक और वाहन को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सिद्धार्थनगर में सड़क हादसे में युवक की मौत:भीड़ ने पीछा कर चालक को पकड़ा, पुलिस ने हिरासत में लिया
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












