HomeHealth & Fitnessमथुरा में पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप, दो पक्षों में जमकर...

मथुरा में पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप, दो पक्षों में जमकर फायरिंग, कई घायल

मथुरा। मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र स्थित महोली गांव में गुरुवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। आरोप है कि इस दौरान अवैध हथियारों से खुलेआम फायरिंग भी की गई। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिक्रमार्थियों समेत ग्रामीणों में दहशत फैल गई। संघर्ष में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई को गोली लगी है।
जानकारी के मुताबिक गांव निवासी गुड्डी प्रधान और चंद्रपाल के बीच करीब छह महीने पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उस समय ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच तनाव लगातार बना हुआ था। बुधवार को दोनों पक्षों में फिर कहासुनी हुई, जिसके बाद विवाद बढ़ता चला गया। करीब आधे घंटे तक गांव में बवाल चलता रहा और लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।
बताया जा रहा है कि अधिक मास परिक्रमा के दौरान चंद्रपाल पक्ष ने परिक्रमार्थियों के लिए प्याऊ और सेवा शिविर लगाया था। इसी दौरान गुड्डी प्रधान पक्ष के लोग भी वहां केला और अन्य सामग्री वितरण करने पहुंच गए। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई।
घटना के वायरल वीडियो में लोग खुलेआम हथियार लहराते और फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। गोलीबारी में चंद्रपाल पक्ष के रवि के पैर में और संजू के सीने में गोली लगी है। वहीं गुड्डी प्रधान पक्ष के हरिओम के सिर और सावित्री के हाथ में गोली लगने की सूचना है।
घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल संजू और हरिओम को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
सूचना मिलते ही एसपी सिटी राजीव कुमार और सीओ अनिल कपरवान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने गांव में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments