Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)पहली बारिश में ही कटान रोधी बोल्डर बहने लगे:सिद्धार्थनगर में विधायक ने...

पहली बारिश में ही कटान रोधी बोल्डर बहने लगे:सिद्धार्थनगर में विधायक ने DM को भेजा वीडियो, सिंचाई विभाग पर करोड़ों के घोटाले के आरोप


सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ और कटान से बचाव के लिए कराए जा रहे करोड़ों रुपये के कार्यों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अपना दल (एस) के विधायक विनय वर्मा ने जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर को पत्र भेजकर सिंचाई विभाग के ड्रेनेज खंड और सरयू नहर खंड के अधिकारियों व ठेकेदारों पर मिलीभगत कर मानक विहीन कार्य कराने का आरोप लगाया है। विधायक वर्मा ने सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें कटान रोकने के लिए लगाए गए बोल्डर पहली ही बारिश में खिसकते और बहते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि नदी के कटान को रोकने और पुलों व तटबंधों की सुरक्षा के लिए लगाए गए ये बोल्डर बारिश का दबाव नहीं झेल पाए। विधायक ने इसे सरकारी धन की खुली बर्बादी बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तेज बारिश और पहाड़ों से बाढ़ का पानी आता है, तो पूरा बचाव कार्य बह सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौके पर हो रहे कार्य बेहद घटिया गुणवत्ता के हैं। विनय वर्मा ने अपने पत्र में यह भी बताया कि उन्होंने 19 मई को भी जिलाधिकारी को पत्र लिखकर कटान रोधी कार्यों में अनियमितताओं की शिकायत की थी। इसके बाद प्रशासन ने सोशल मीडिया पर कुछ कार्यों के पूरा होने की जानकारी साझा की थी, लेकिन विधायक के अनुसार, जमीनी हकीकत अलग है। उन्होंने अधिकारियों पर आरोप लगाया कि वे केवल ऐसी तस्वीरें और सूचनाएं भेज रहे हैं, जिनसे कार्यों को बेहतर दिखाया जा सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments