तेजवापुर क्षेत्र की गजपतिपुर नहर में लगभग डेढ़ दशक के लंबे इंतजार के बाद पानी पहुंच गया है। इमामगंज शाखा से जुड़ी इस नहर में पानी आने से इलाके के करीब 20,000 किसानों को लाभ मिलेगा। इस पहल से किसानों को अब सिंचाई के लिए निजी संसाधनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे खेती की लागत कम होगी और उनकी आय में वृद्धि होगी। किसानों का कहना है कि समय पर सिंचाई की सुविधा मिलने से धान, गेहूं, गन्ना और अन्य फसलों की पैदावार में बढ़ोत्तरी होगी। क्षेत्र के किसानों द्वारा लगातार पानी की मांग की जा रही थी। इस समस्या को सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ने गंभीरता से लिया। वित्तीय वर्ष 2025-26 की कार्य योजना के तहत इमामगंज शाखा और उससे जुड़ी नहरों का सुधार एवं सफाई कार्य सहायक अभियंता अतुल कुमार व अवर अभियंता गायत्री यादव की देखरेख में कराया गया। इसके परिणामस्वरूप 10.300 किलोमीटर लंबी गजपतिपुर नहर में पानी पहुंचना शुरू हो गया है। नहर में पानी पहुंचने की सूचना मिलते ही किसानों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। यादव पुर के रमेश ,गुरदीन, सहजराम ,अल्ला भेजे तथा राजेश का कहना है, इससे भूमिगत जल स्तर पर निर्भरता भी कम होगी और क्षेत्र में जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। नकटिया, सबलापुर, मोगलहा, यादवपुर हेमारिया और गजपतिपुर सहित कई गांवों के किसानों को इस नहर से सीधा लाभ मिलेगा। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता हर्ष कुमार ने बताया कि किसानों की समस्या दूर करना सरकार की प्राथमिकता है। गजपतिपुर माइनर में पानी सुचारू रूप से पहुंच गया है और विभाग नियमित निगरानी करेगा। उन्होंने किसानों से आवश्यकतानुसार ही पानी का उपयोग करने की अपील की है।
गजपतिपुर नहर में डेढ़ दशक बाद पहुंचा पानी:तेजवापुर के 20,000 किसानों को सिंचाई में मिलेगी राहत
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












