HomeHealth & Fitnessखान सर की कोचिंग के बाहर देर रात फायरिंग, इलाके में मचा...

खान सर की कोचिंग के बाहर देर रात फायरिंग, इलाके में मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी

पटना। बिहार की राजधानी पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में स्थित चर्चित शिक्षक खान सर की कोचिंग के बाहर मंगलवार देर रात फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना 2 जून की रात करीब 10:15 से 10:30 बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि कोचिंग परिसर के बाहर स्थित एक नाश्ते की दुकान पर कुछ युवक मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर खान सर के सुरक्षाकर्मियों और वहां खड़े युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। इसी दौरान फायरिंग की घटना हुई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि प्रारंभिक जानकारी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, कोचिंग परिसर के अंदर एक ब्लड सेंटर भी संचालित होता है, जबकि बाहर स्थित नाश्ते की दुकान पर अक्सर छात्रों और युवकों की भीड़ लगी रहती है। भीड़-भाड़ और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले भी कई बार स्थानीय युवकों और सुरक्षा कर्मियों के बीच विवाद की स्थिति बन चुकी थी।

घटना के बाद खान सर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी सबसे बड़ी “गलती” यह है कि वे कम फीस में गरीब और जरूरतमंद छात्रों को शिक्षा उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी कोचिंग से बड़ी संख्या में छात्र विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल हो रहे हैं, जिससे कुछ असामाजिक तत्व परेशान हैं।

खान सर ने कहा, “सबसे बड़ी समस्या यही है कि हम इतनी कम फीस में बच्चों को क्यों पढ़ा रहे हैं और हमारी कोचिंग से इतने सारे छात्र सफल क्यों हो रहे हैं। जब हजारों गरीब बच्चे आगे बढ़ने लगते हैं, तो कुछ लोगों को यह पसंद नहीं आता। उन्हें लगता है कि डराकर या धमकाकर हमें रोका जा सकता है।”

घटना की सूचना मिलने के बाद कदमकुआं थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments