Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)अंतरजनपदीय ठग गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार:बस्ती पुलिस ने बरामद किया 3...

अंतरजनपदीय ठग गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार:बस्ती पुलिस ने बरामद किया 3 लाख नकद और 3 किलो नकली सोना

#बस्ती_न्यूज

बस्ती में कलवारी पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने सस्ते दाम पर सोना बेचने का लालच देकर ठगी करने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से तीन लाख रुपये नकद और करीब 3.09 किलोग्राम नकली सोना बरामद किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत ने बताया कि थाना कलवारी और थाना पुरानी बस्ती में दर्ज ठगी के मामलों के खुलासे के लिए पुलिस टीमें गठित की गई थीं। जांच के दौरान बुधवार को अगौना बाजार के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान गौतमबुद्ध नगर निवासी शंकर सोलंकी, मीरा सोलंकी और धाबु देवी के रूप में हुई है। आरोपियों का तरीका था कि वे अपने साथ कुछ असली सोना-चांदी के आभूषण रखते थे। इन्हें दिखाकर वे लोगों का विश्वास जीतते थे। इसके बाद, नकली सोने को असली बताकर कम कीमत में बेचने का लालच देकर लोगों से मोटी रकम ठग लेते थे। गिरोह में महिलाओं को भी शामिल किया गया था ताकि उन पर आसानी से शक न हो। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से विभिन्न ठगी की घटनाओं से संबंधित तीन लाख रुपये नकद और 3.092 किलोग्राम पीली धातु बरामद की गई है। इस धातु को वे सोना बताकर बेचते थे, लेकिन जांच में यह नकली पाई गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं बढ़ाई गई हैं। आरोपियों से पूछताछ कर अन्य जिलों में की गई ठगी की घटनाओं के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments