Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)दैनिक भास्कर का असर, रिठिया नहर खोली गई:रेल मार्ग निर्माण से बाधित...

दैनिक भास्कर का असर, रिठिया नहर खोली गई:रेल मार्ग निर्माण से बाधित सिंचाई बहाल, किसानों को मिली राहत


बलरामपुर-खलीलाबाद बाया बांसी रेल मार्ग परियोजना के तहत निर्माण कार्य के दौरान बंद की गई रिठिया नहर शाखा को आखिरकार सिंचाई विभाग ने खुलवा दिया है। दैनिक भास्कर द्वारा किसानों की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद विभाग हरकत में आया और रेलवे निर्माण एजेंसी के सहयोग से नहर में पानी का रास्ता बहाल किया गया। खेसरहा क्षेत्र के बनकटा गांव के पास रेल मार्ग निर्माण के लिए रिठिया नहर शाखा को लगभग 20 दिन पहले मिट्टी डालकर पाट दिया गया था। सरयू नहर विभाग द्वारा नहर में पानी छोड़े जाने के बावजूद नहर बंद होने के कारण पानी आगे नहीं बढ़ पा रहा था। इससे महुआ, कंकेहवा, भलुहा, खेसरहा, बरसा सहित कई गांवों के किसान सिंचाई के पानी से वंचित हो गए थे। धान की नर्सरी डालने का समय होने के कारण किसान अत्यधिक चिंतित थे और पानी की कमी से खेती प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई थी। किसानों ने कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया था, लेकिन समाधान नहीं हो सका था। दैनिक भास्कर ने इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर में बताया गया था कि रेल मार्ग निर्माण के चलते नहर का प्रवाह बाधित हो गया है, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समाचार प्रकाशित होने के बाद सिंचाई विभाग ने मामले का संज्ञान लिया और तत्काल कार्रवाई करते हुए बंद की गई नहर को खुलवा दिया। सरयू नहर विभाग के अवर अभियंता हरीशचंद्र चौरसिया ने बताया कि पाटी गई नहर शाखा को खुलवा दिया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 15 जून से नहर में दोबारा पानी छोड़ा जाएगा, जिससे क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध हो सकेगा। नहर खुलने की सूचना मिलते ही किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते समस्या का समाधान होने से उनकी खेती-किसानी का कार्य प्रभावित नहीं होगा। किसानों ने विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ दैनिक भास्कर का भी आभार व्यक्त किया, जिसने उनकी समस्या को प्रमुखता से उठाकर समाधान का मार्ग प्रशस्त किया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments