श्रावस्ती के कटरा-वीरपुर मार्ग पर रविवार रात एक सड़क हादसे में 11 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बरगदही मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने साइकिल के निकट खड़े बालक देवांश शुक्ला को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, देवांश शुक्ला (11) पुत्र राकेश शुक्ला, निवासी मलपुरवा, अमारेभरिया, अपने साथी सुमित (11) के साथ पृथ्वीनाथ मंदिर पर जलाभिषेक के लिए जा रहा था। दोनों बच्चे बरगदही मोड़ के पास रुके थे, जहां देवांश अपनी साइकिल के पास सड़क किनारे खड़ा था और सुमित कुछ दूरी पर था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वीरपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने देवांश को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और डायल 112 को जानकारी दी। मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस टीम ने घायल बालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया है।
11 वर्षीय बालक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी:कटरा-वीरपुर मार्ग पर गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












