#बस्ती_न्यूज
बस्ती पुलिस ने लूट की एक वारदात का 48 घंटे के भीतर खुलासा किया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें और 1,545 रुपये नकद बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है। यह घटना 23 जून को हुई थी। खलीलाबाद निवासी पीड़ित बस्ती रोडवेज पहुंचा था और वहां से बहराइच जाने वाली बस की जानकारी के लिए अपने परिचित सत्यम को फोन किया। सत्यम ने अपने भाई सुभाष को पीड़ित की मदद के लिए भेजा। कुछ देर बाद सुभाष अपने तीन साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। उन्होंने पीड़ित को रेलवे स्टेशन छोड़ने का झांसा देकर अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। रास्ते में आरोपी उसे एक सुनसान जगह पर ले गए, जहां उन्होंने डरा-धमकाकर उससे 7,500 रुपये लूट लिए। आरोपियों ने पीड़ित के मोबाइल फोन की सिम निकालकर तोड़ दी और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना के संबंध में शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद पुलिस टीम जांच में जुट गई। प्रभारी निरीक्षक मोतीचंद के नेतृत्व में गठित टीम ने गुरुवार रात करीब 9:10 बजे जामडिह शुक्ल मार्ग स्थित ईसाई कब्रिस्तान के पीछे एक खाली मैदान से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जिगिना निवासी सुभाष मोदनवाल (20), सुर्ती हट्टा निवासी आदर्श गुप्ता (19), परसा तकिया निवासी नफीस (18) और दिलशाद (18) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें और लूटे गए 1,545 रुपये नकद बरामद किए हैं।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में लूट का 48 घंटे में खुलासा:पुलिस ने चार बदमाशों को किया गिरफ्तार, दो बाइक और नकदी बरामद
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












