सिद्धार्थनगर के बांसी-बेलौहा मार्ग पर स्थित ऐतिहासिक चूंटी पुलिया के निर्माण कार्य में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। पुल की छत (स्लैब) की ढलाई पूरी कर ली गई है। अब केवल दोनों ओर सुरक्षा दीवार (रेलिंग) और कुछ अंतिम कार्य शेष हैं। निर्माण पूरा होते ही इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन सुचारु रूप से शुरू हो जाएगा। वर्तमान में पुल के निर्माण के दौरान लोगों का आवागमन पुलिया के बगल बनाए गए वैकल्पिक मार्ग से कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं होता, तो बारिश के मौसम में जलभराव के कारण यह वैकल्पिक मार्ग बंद हो सकता था, जिससे आवागमन प्रभावित होता। चूंटी पुलिया अंग्रेजों के शासनकाल में निर्मित एक पुरानी और संकरी पुलिया थी। इसकी संकरी संरचना और तीखे मोड़ के कारण यहां अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती थीं। नए और चौड़े पुल के निर्माण से दुर्घटनाओं में कमी आने तथा यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम होने की उम्मीद है। राजमार्ग संख्या-88 पर स्थित इस पुल के निर्माण के लिए शासन ने 2 करोड़ 14 लाख रुपये की स्वीकृति दी थी। पुरानी पुलिया को ध्वस्त करने के बाद लगभग दो माह पूर्व निर्माण कार्य शुरू किया गया था। अब निर्माण अंतिम चरण में पहुंच चुका है और जल्द ही इस मार्ग पर सामान्य आवागमन बहाल होने की उम्मीद है।
चूंटी पुलिया की छत की ढलाई पूरी:2.14 करोड़ से बन रहा नया पुल, जल्द खुलेगा आवागमन
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!










