नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने राष्ट्रीय राजधानी में कथित आतंकी हमले की साजिश को नाकाम करते हुए आईएसआई समर्थित अंतरराज्यीय आतंकी एवं हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे और दिल्ली-एनसीआर में आतंकी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शुभदीप सिंह उर्फ विशाल, गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि, साजन सिंह उर्फ हनी और गगनप्रीत के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो विदेशी पिस्तौल, नौ कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए विदेशी फोन नंबरों के जरिए अपने पाकिस्तानी हैंडलरों से संपर्क बनाए हुए थे।
विशेष प्रकोष्ठ के पुलिस उपायुक्त प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि खुफिया सूचना मिली थी कि पाकिस्तान में मौजूद हैंडलर शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी पंजाब के युवाओं की भर्ती कर दिल्ली-एनसीआर में आतंकी हमला कराने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर तकनीकी निगरानी और दिल्ली व पंजाब में कई स्थानों पर छापेमारी की गई।
जांच के दौरान सबसे पहले अमृतसर से शुभदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर गुरजंत सिंह और साजन सिंह को पंजाब से पकड़ा गया, जबकि गगनप्रीत को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, गगनप्रीत को दिल्ली में धार्मिक स्थलों, पुलिस थानों और पुलिस पिकेटों की रेकी कर वीडियो तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि यह मॉड्यूल सीमा पार से संचालित हो रहा था और ड्रोन के माध्यम से हथियार हासिल कर रहा था। दिल्ली पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क, उसके वित्तीय स्रोतों तथा पाकिस्तान स्थित हैंडलरों से जुड़े अन्य संपर्कों की पहचान के लिए जांच जारी है।












