HomeHealth & Fitnessयुवक की हत्या से मची सनसनी, खून से लथपथ मिला शव, दाे...

युवक की हत्या से मची सनसनी, खून से लथपथ मिला शव, दाे आराेपित हिरासत में

  • पुलिस ने दोनों हथियारों को जब्त कर जांच शुरू ​की

बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अकलतरी में रविवार को एक युवक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव (35 वर्ष), निवासी नीम चौक अकलतरी के रूप में हुई है। युवक का शव उसके घर की छत पर खून से लथपथ हालत में मिला। प्रारंभिक जांच में मृतक के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मौके से एक ईंट और धारदार हंसिया बरामद हुआ है, जिन्हें हत्या में इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने दोनों हथियारों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने मामले में गांव के ही दो युवकों अमित कुमार सोनवानी (19 वर्ष) तथा सुधीर सोनवानी (26 वर्ष), दोनों निवासी अकलतरी को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपिताें ने बताया कि मृतक उनके घर के सामने गाली-गलौज कर रहा था, जिससे गुस्से में आकर उन्होंने उस पर हमला कर दिया।

हालांकि, पुलिस के अनुसार दोनों आरोपित अत्यधिक नशे की हालत में हैं। इसलिए उनके होश में आने के बाद घटना के वास्तविक कारण, हत्या की पूरी परिस्थितियों और अन्य पहलुओं पर विस्तृत पूछताछ की जाएगी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एफएसएल टीम और पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात किसी पुराने विवाद का परिणाम थी या फिर तत्काल हुए विवाद के बाद हत्या की घटना को अंजाम दिया गया। इस घटना के बाद अकलतरी गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस एहतियात के तौर पर क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments