HomeHealth & Fitnessबुजुर्ग महिला से चेन लूटने वाले दो शातिर गिरफ्तार, स्कूटी और नकदी...

बुजुर्ग महिला से चेन लूटने वाले दो शातिर गिरफ्तार, स्कूटी और नकदी बरामद

लखनऊ। कमिश्नरेट लखनऊ की पूर्वी जोन क्राइम/सर्विलांस टीम और गोमतीनगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बुजुर्ग महिला से चेन लूटने वाले दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट की रकम में से 9,200 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। मामले में अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को गोमतीनगर थाना क्षेत्र में 59 वर्षीय राजकुमारी सड़क पर जा रही थीं। इसी दौरान बाइक/स्कूटी सवार बदमाशों ने उन्हें पीछे से धक्का देकर गिरा दिया और उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर गोमतीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर 18 जुलाई को सहारा ओवरब्रिज के पास से दो आरोपियों आकाश कुमार उर्फ राजन शुक्ला और अमित कुमार अवस्थी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूटी गई सोने की चेन को विकासनगर स्थित एक फाइनेंस कंपनी में 23,700 रुपये में गिरवी रख दिया था। यह रकम उनके एक फरार साथी के खाते में आई, जिसे तीनों आरोपियों ने आपस में बांट लिया। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने 9,200 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त काले रंग की स्कूटी (UP32BD8161) भी बरामद कर सीज कर दी है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अन्य संबंधित धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular