पिछले 24 घंटों में देशभर में मॉनसूनी बारिश के कारण कई जगहों पर लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में तो भारी बारिश के कारण तबाही देखने को मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज 29 जुलाई को भी इसी तरह का मौसम रह सकता है। मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तर, मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान भी देश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मध्य भारत और पूर्वी भारत के कई इलाकों में तेज बारिश हुई, जबकि उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश और गरज-चमक देखने को मिली। कई स्थानों पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने की खबरें भी सामने आई हैं। इसके साथ ही हिमाचल के कुछ हिस्सों में लैंडस्लाइड के कारण मुश्किलें बढ़ी और चंडीगढ़ में बारिश के कारण करंट लगने से एक युवती की मौत भी हो गई।
यह भी पढ़ें: पंजाब में कांग्रेस का संकट टला नहीं, वडिंग गुट में सेंधमारी कर रहे चरनजीत चन्नी
दिल्ली-एनसीआर में बारिश
अगर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की बात करें तो आज दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहने के साथ कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटों में भी दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस से राहत मिली है। पिछले 24 घंटों में हुई भारी बारिश के कारण कई जगहों पर दिल्ली बेहाल भी दिखी और जलभराव के कारण लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
यूपी-बिहार में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश और बिहार में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के साथ-साथ बिहार के कई जिलों में आज भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान भी दोनों राज्यों के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई, जिससे कुछ निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी। आज मौसम विभाग ने नोएडा, मेरठ, मथुरा, आगरा, कानपुर, कुशीनगर, मैनपुरी, बिजनौर, मोरादाबाद, बरेली, देवरिया, सोनभद्र, अलीगढ़, मिर्जापुर, गाजीपुर, वाराणसी, भदोही, अयोध्या, प्रयागराज और औरैया में भारी बारिश-आंधी की चेतावनी है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के झोंके चल सकते हैं।
वहीं बिहार की बात करें तो मौसम विभाग ने स्थानीय स्तर पर गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी दी है। इसके साथ ही गया, सिवान, पटना, भोजपुर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, भागलपुर, बांका, सहरसा, सुपौल, अररिया, किशनगंज और कटिहार में बारिश-आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।
पहाड़ी राज्यों में लगातार बारिश
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। पिछले 24 घंटों के दौरान भी कई पर्वतीय इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर सड़कें प्रभावित हुई हैं और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। मौसम विभाग ने आज भी इन राज्यों के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। हिमाचल में आज येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, जम्मू-कश्मीर के लोगों से बारिश से आज राहत मिल सकती है।
पूर्वोत्तर में बारिश जारी
पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में आज भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान है। असम में पहले से बाढ़ की स्थिति बनी हुई है और कई जिलों में लोग अब भी प्रभावित हैं। लगातार बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं और निचले इलाकों में जलभराव की समस्या बनी हुई है।
यह भी पढ़ें: 5 साल का इश्क फिर नया प्यार, पूर्व प्रेमी बना रोड़ा पति संग रची मौत की साजिश
https://twitter.com/shubhamtorres09/status/2082088443610563021
इन राज्यों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने आज विदर्भ, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। पिछले 24 घंटों में भी इन इलाकों में कई स्थानों पर तेज बारिश दर्ज की गई, जिससे कुछ जिलों में जलभराव और सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की खबरें सामने आई हैं। आज भी मौसम विभाग ने इन राज्यों में अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना जताई है जिसके चलते प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गया है।
अन्य राज्यों का मौसम
राजस्थान, झारखंड, ओडिशा, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भी आज गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। मध्य और पश्चिम भारत में सक्रिय मॉनसूनी सिस्टम के कारण कई राज्यों में बारिश का दायरा बढ़ा है। मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर अलग-अलग स्थानों पर तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी बारिश और आंधी-तूफान का असर देखने को मिल सकता है। इसलिए इन राज्यों में लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।












