मैनपुरी: ब्लॉक जागीर क्षेत्र के सगामई-जागीर में शनिवार शाम करीब चार बजे राजलपुर से चौहानपुर नगरिया रजवाह में पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने से नाराज किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि पिछले करीब एक सप्ताह से रजवाहे में पानी बेहद कम आ रहा है, जिससे धान की फसल की सिंचाई प्रभावित हो गई है। समय पर पानी नहीं मिलने से सैकड़ों बीघा धान की फसल सूखने की कगार पर पहुंच गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस वर्ष बरसात भी अपेक्षा के अनुरूप नहीं हुई है। किसानों ने महीनों की मेहनत और अपनी जमा पूंजी लगाकर धान की फसल तैयार की है, लेकिन अब सिंचाई के लिए पानी न मिलने से उनकी चिंता बढ़ गई है। मजबूरी में किसान निजी पंपसेट और पाइपों के माध्यम से रजवाह से पानी खींचकर खेतों की सिंचाई कर रहे हैं, जिससे लागत भी लगातार बढ़ रही है। उनका कहना है कि क्षेत्र में बिजली कटौती भी हो रही है, जिससे निजी संसाधनों से सिंचाई करना और अधिक कठिन हो गया है। ऐसे में उनकी पूरी उम्मीद नगरिया रजवाह के पानी पर टिकी हुई है।
Also Read:लखनऊ: अखिलेश यादव बोले- भाजपा सरकार ने JPNIC को बर्बाद किया, लखनऊ मेट्रो आगे नहीं बढ़ पाई
उन्होंने यह भी कहा कि यदि जल्द पर्याप्त पानी नहीं छोड़ा गया तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने जिलाधिकारी से मांग करते हुए कहा कि सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित कर तत्काल नगरिया रजवाह में पर्याप्त पानी छोड़ने का निर्देश दिया जाए, ताकि समय रहते धान की फसल की सिंचाई हो सके और किसानों की मेहनत बर्बाद होने से बच जाए। प्रदर्शन में अफजल अली, घनश्याम दिवाकर, महेश यादव, दीपू यादव, मोहम्मद सलीम, महबूब अली, सूबेदार राजपूत, राजेश कुमार, रविकांत, दलबीर सिंह, मुकेश शर्मा सहित दर्जनों किसान मौजूद रहे।
सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि खंदी (अवरोध) होने के कारण रजवाह में पानी का प्रवाह कम हो गया था। अवरोध हटवाकर पानी छोड़ दिया गया है और रविवार सुबह तक नगरिया रजवाह में पर्याप्त पानी पहुंच जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्या का जल्द समाधान कर दिया जाएगा।
#उत्तरप्रदेश #उत्तरप्रदेशन्यूज़ #यूपीन्यूज़ #UPNews #UttarPradeshNews #HindiNews #BreakingNews #आजकीखबर #ताज़ाखबर #यूपीसमाचार













