महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर श्रावस्ती पुलिस ने शनिवार को जिलेभर में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया। पुलिस की शक्ति मोबाइल टीम ने स्कूलों, गांवों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्हें कानून, आत्मरक्षा, साइबर अपराध और आपात स्थिति में मदद लेने के तरीकों की जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना रहा। स्कूलों में छात्राओं को बताए सुरक्षा के जरूरी पाठ अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर छात्राओं से बातचीत की। उन्हें गुड टच-बैड टच की जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी असहज स्थिति में चुप रहने के बजाय परिवार, शिक्षकों या पुलिस को तत्काल जानकारी दें। इसके साथ ही छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, सड़क सुरक्षा नियमों और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में भी जागरूक किया गया। कानूनी अधिकारों की दी जानकारी, मदद लेने की अपील पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं और महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी दी। किशोर न्याय अधिनियम सहित महिलाओं और बच्चों से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनों के बारे में भी बताया गया। पुलिस टीम ने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या हिंसा की स्थिति में महिलाएं और छात्राएं बिना डर के पुलिस की सहायता ले सकती हैं। साइबर ठगी से बचने के बताए उपाय अभियान में साइबर अपराधों से बचाव पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस ने लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, फिशिंग कॉल और ओटीपी साझा करने के खतरों के बारे में बताया। महिलाओं और आम नागरिकों को सलाह दी गई कि वे बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। सोशल मीडिया पर सावधानी बरतने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई। हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी पुलिस टीम ने जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सहायता सेवाओं के नंबरों की जानकारी भी दी। इनमें साइबर अपराध के लिए 1930, महिला पावर लाइन 1090, पुलिस आपात सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, एंबुलेंस सेवा 108, स्वास्थ्य सेवा 102 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि जरूरत के समय इन सेवाओं का उपयोग कर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है। पंपलेट बांटकर दी सुरक्षा और योजनाओं की जानकारी पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, साइबर अपराध, मानवाधिकार और आत्मरक्षा से जुड़ी जानकारी वाले पंपलेट भी वितरित किए। इसके अलावा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी सुविधाओं का लाभ उठा सकें। लगातार जारी रहेगा जागरूकता अभियान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित एवं जागरूक बनाने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को पहले से सतर्क और सक्षम बनाना भी है। श्रावस्ती पुलिस ने आमजन से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें और अपराध या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी साझा करें।
श्रावस्ती में ‘शक्ति’ का जागरूकता अभियान:छात्राओं को बताया गुड टच-बैड टच से लेकर साइबर ठगी से बचने का तरीका
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












