बिजनौर। जिलाधिकारी जसजीत कौर के निर्देशों पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद की आटा मिलों पर विशेष अभियान चलाकर सघन निरीक्षण किया। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम-2006 के तहत गुणवत्ता की जांच के लिए गेहूं के आटे के 6 नमूने लेकर राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए तथा संबंधित प्रतिष्ठानों को आवश्यक नोटिस जारी किए गए।
निरीक्षण के दौरान रामा इंडस्ट्रीज, परमार्थ इंडस्ट्रीज, उपमन्यु फ्लोर मिल्स, सत्योग आटा, महा फ्लोर मिल्स तथा वसीम आटा चक्की से आटे के नमूने एकत्र किए गए। सभी नमूनों को परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त (खाद्य) ने बताया कि जनपद में सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान का नेतृत्व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम असीम मौर्य ने किया, जबकि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने निरीक्षण की कार्रवाई संपन्न कराई।












