Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)श्रावस्ती में मौसम बदलते ही बढ़े मरीज:डीएम ने स्वास्थ्य केंद्रों का किया...

श्रावस्ती में मौसम बदलते ही बढ़े मरीज:डीएम ने स्वास्थ्य केंद्रों का किया निरीक्षण, दवाओं और सुविधाओं की जांच


श्रावस्ती में मौसम में बदलाव और बढ़ती गर्मी के बीच जिला अस्पताल समेत सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। बृहस्पतिवार दोपहर 3 बजे तक जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचे। बुखार, डिहाइड्रेशन और अन्य मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीज सुबह से ही अस्पतालों में पहुंचते रहे। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग लगातार निगरानी कर रही हैं। इसी क्रम में उन्होंने बुधवार को प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्र चैलाही का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र की साफ-सफाई, टीकाकरण व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता, उपस्थिति पंजिका तथा मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने केंद्र पर मौजूद गर्भवती महिलाओं से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही दवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। स्टॉक रजिस्टर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि आवश्यक एवं जीवनरक्षक दवाओं की किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए और सभी मरीजों को दवाएं समय पर निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एएनसी, ड्यू लिस्ट और सैम-मैम रजिस्टर की भी जांच की। रजिस्टर में 196 बच्चे पंजीकृत मिले। डीएम ने उपस्थिति पंजिका का अवलोकन करते हुए डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को समय से केंद्र पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए। साथ ही एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं द्वारा संचालित टीकाकरण अभियान की भी समीक्षा की। इसके बाद जिलाधिकारी ने जन आरोग्य केंद्र चिल्हरिया का भी औचक निरीक्षण किया। यहां उन्होंने एएनएम से स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और अपनी मौजूदगी में एक बच्चे का वजन कराकर सैम-मैम की स्थिति का आकलन किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर रेडियंट वार्मर मशीन उपलब्ध न होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं समय पर पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments