HomeHealth & Fitnessब्रिक्स देशों के प्रतिस्पर्धा नियामकों के बीच निरंतर सहयोग जरूरी: रवनीत कौर

ब्रिक्स देशों के प्रतिस्पर्धा नियामकों के बीच निरंतर सहयोग जरूरी: रवनीत कौर

नई दिल्ली। भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) की चेयरपर्सन रवनीत कौर ने कहा है कि ब्रिक्स देशों के प्रतिस्पर्धा नियामकों के बीच निरंतर सहयोग से प्रतिस्पर्धा कानून के प्रभावी और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप क्रियान्वयन में मदद मिलेगी। साथ ही, नवीकरणीय ऊर्जा बाजार में निष्पक्ष और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को भी बढ़ावा मिलेगा।

सीसीआई ने रविवार को जारी एक बयान में बताया कि रवनीत कौर ने यह बात राजस्थान के उदयपुर में शनिवार, 8 अगस्त को आयोजित ब्रिक्स समूह के देशों ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका के प्रतिस्पर्धा प्राधिकरणों के प्रमुखों की बैठक में कही। बैठक में सीसीआई अध्यक्ष ने डिजिटल बाजारों और उभरती प्रौद्योगिकियों की तेजी से बढ़ती सीमा-पार प्रकृति की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा प्रवर्तन के लिए जानकारीपूर्ण, प्रभावी और भविष्य के लिए तैयार दृष्टिकोण विकसित करने के लिए ब्रिक्स प्रतिस्पर्धा प्राधिकरणों के बीच निरंतर सहयोग और ज्ञान-साझा करना आवश्यक होगा। अपने संबोधन में कौर ने कहा कि डिजिटल बाजार और उभरती प्रौद्योगिकियां लगातार सीमाओं से परे फैल रही हैं।

कौर ने कहा कि ऐसे में ब्रिक्स देशों के प्रतिस्पर्धा प्राधिकरणों के बीच निरंतर सहयोग और ज्ञान का आदान-प्रदान प्रतिस्पर्धा कानून के प्रभावी और भविष्योन्मुख क्रियान्वयन के लिए आवश्यक होगा।

उन्होंने कहा कि यह सहयोग निष्पक्ष और प्रतिस्पर्धी नवीकरणीय ऊर्जा बाजार को बढ़ावा देने के साथ-साथ सतत विकास और ऊर्जा सुरक्षा के साझा लक्ष्यों को हासिल करने में भी सहायक होगा।

आयोग के मुताबिक बैठक में विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने देशों में प्रतिस्पर्धा कानून और नीति से जुड़े हालिया घटनाक्रम, महत्वपूर्ण प्रवर्तन उपायों तथा घरेलू बाजारों में उभरती चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया।

इस बैठक में ‘ब्रिक्स देशों में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में उभरते प्रतिस्पर्धी परिदृश्य’ विषय पर संयुक्त अध्ययन के प्रमुख निष्कर्ष भी प्रस्तुत किए गए।

सीसीआई के मुताबिक बैठक के दौरान, ब्रिक्स प्रतिस्पर्धा प्राधिकरणों के प्रमुखों का संयुक्त बयान अपनाया गया, जिसका शीर्षक है “नवीकरणीय ऊर्जा बाजारों सहित निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के लिए सहयोग को मजबूत करना”।

ब्राजील की आर्थिक रक्षा प्रशासनिक परिषद (सीएडीई) ने प्रतिभागियों को 2027 में ब्राजील में होने वाले 10वें ब्रिक्स अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा सम्मेलन की तैयारियों के बारे में जानकारी दी।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments