श्रावस्ती जिले के सिरसिया विकासखंड की ग्राम पंचायत बुटहर के लोहनिया गांव में जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से ग्रामीण परेशान हैं। गांव की मुख्य सड़क पर घरों से निकलने वाला गंदा पानी जमा रहता है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। जमाल खान के घर के सामने मुख्य सड़क पर लगातार पानी जमा रहने से यह कीचड़ में बदल गई है। हल्की बारिश होने पर स्थिति और बिगड़ जाती है। इसी रास्ते से स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और दोपहिया वाहन चालक रोजाना गुजरते हैं। पैदल चलने वालों के कपड़े गंदे हो जाते हैं, जबकि स्कूली बच्चों के जूते और ड्रेस कीचड़ से खराब हो रहे हैं। दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा बना रहता है। बुजुर्गों और बच्चों के लिए इस रास्ते से निकलना बेहद मुश्किल हो गया है। ग्रामीण नूरुद्दीन खान ने बताया कि लंबे समय से सड़क पर गंदा पानी जमा रहने से आसपास गंदगी और दुर्गंध बनी रहती है। जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे चर्म रोग और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क के दोनों ओर नालियां न होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत और संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। जमाल खान, नूरुद्दीन खान, निजामुद्दीन खान, घनश्याम विश्वकर्मा और सेशराम मौर्या सहित अन्य ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और ग्राम पंचायत से नालियों के निर्माण, उचित जल निकासी, नियमित सफाई और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
श्रावस्ती के लोहनिया गांव में जलभराव:नाली न होने से मुख्य सड़क पर गंदा पानी, ग्रामीण परेशान
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












