संत कबीर नगर, । प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप की अध्यक्षता में विगत दिवस बस्ती मंडल की विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक निरीक्षण भवन में आयोजित की गई।
बैठक में बस्ती, सिद्धार्थनगर एवं संतकबीर नगर के दिव्यागंजन सशक्तीकरण विभाग एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा मंत्री द्वारा की गई।
समीक्षा के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 में छात्रवृत्ति वितरण की स्थिति पर चर्चा की गई। वित्तीय वर्ष 2025-26 में बस्ती मंडल के तीनों जनपदों में पूर्वदशम् के 45,026 छात्रों को रू0 2059.1 लाख छात्रवृत्ति का लाभ प्रदान किया गया।। इसी प्रकार, दशमोत्तर छात्रवृत्ति के लिए 90,733 छात्रों को रू0 5576.73 लाख की छात्रवृत्ति प्रदान कर लाभान्वित किया गया। पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान योजना के तहत वर्तमान वित्तीय वर्ष में मंडल के तीनों जनपदों बस्ती में 1539, सिद्धार्थनगर में 1631 एवं संत कबीर नगर में 1200 आवेदकों को लाभान्वित करने के लक्ष्य प्रदान किया गया है जिसके सापेक्ष अभी तक 3825 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं एवं 687 आवेदकों को 137.40 लाख की धनराशि से लाभान्वित किया गया है। ‘ओ’ लेवल तथा सी०सी०सी० कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजनान्तर्गत आवेदन की प्रक्रिया प्रचलन में है। आवेदन की अंतिम तिथि 10 जुलाई है। मंडल में छात्रावास योजना के अन्तर्गत जनपद बस्ती में 2 तथा सिध्दार्थनगर में 1 छात्रावास का संचालन किया जा रहा है जिसमें कुल 71 छात्र/छात्रायें आवासित हैं।
बैठक में उपनिदेशक दिव्यांगजन द्वारा मंत्री को बताया गया कि दिव्यांगजन भरण-पोषण एवं कुष्ठावस्था पेंशन योजना के अन्तर्गत बस्ती मंडल में कुल 38,645 लाभार्थियों का वार्षिक भौतिक सत्यापन 100% पूर्ण कर लिया गया है, जिसके उपरांत 38,419 पात्र लाभार्थी पाए गए। तथा वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में कुल 571 नवीन दिव्यांग पेंशन की स्वीकृति प्रदान की गई। इसी प्रकार काक्लियर इम्प्लाण्ट । शल्य चिकित्सा अनुदान योजना के अंतर्गत 8 पात्र दिव्यांगजनों हेतु रू0 48.00 लाख की धनराशि प्रस्तावित है। मंडल में कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना में अब तक 37 शिविर आयोजित कर 598 दिव्यांगजन चिन्हित किए गए। इसी प्रकार मंडल में मोटराइज्ड ट्राइसाईकिल योजना के अन्तर्गत कुल 45 दिव्यांजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाईकिल वितरण की कार्यवाही प्रचलन में है। बचपन डे केयर सेंटर बस्ती और सिद्धार्थनगर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रगति पर है।
उपनिदेशक दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग बस्ती मंडल बस्ती द्वारा मंत्री को अवगत कराया गया कि दिव्यांग शादी विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार हेतु निर्धारित लक्ष्य 37 को सापेक्ष मंडल में 8 लाभार्थियों का चयन कर लिया गया है। इसी प्रकार दुकान निर्माण/संचालन योजना के अनर्गत 31 सापेक्ष 28 आवेदन प्राप्त कर लिये गये हैं। मंत्री द्वारा नवीन प्रस्तावित विद्यालयों की स्थापना हेतु भूमि की उपलब्धता की स्थिति में जानकारी चाही गयी जिसके उत्तर में उपनिदेशक महोदया द्वारा अवगत कराया गया कि बचपन डे केयर बस्ती में प्रथम तल के छत का कार्य प्रगति में है, समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय संतकबीर नगर में भूमि चयन हेतु प्रयास किया जा रहा है तथा बचपन डे केयर सेंटर के संचालन हेतु महगर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय का चयन कर लिया गया है। इसी प्रकार समेकित विशेष विद्यालय हेतु सिध्दार्थनगर में भूमि का चयन कर लिया गया है। अंत में मंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें और योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुँचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में उपनिदेशक दिव्यागंजन सशक्तीकरण विभाग बस्ती मंडल बस्ती मोनिका लाल, उपनिदेशक पिछड़ा कल्याण विभाग डा० संजय कुमार मालवीय, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी/दिव्यांजन सशक्तीकरण अधिकारी रवीश चन्द्र, जिला पिछड़ा वर्ग अधिकारी बस्ती रेखा गुप्ता, जिला पिछड़ा वर्ग अधिकारी सिध्दार्थनगर राजन एवं अन्य कर्मचारीगण आदि उपस्थित रहे।












