मोतीपुर थाना क्षेत्र के विचपरी पुल पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक और युवती ने गिरजापुरी बैराज से निकली लिंक नहर में छलांग लगा दी। राहगीरों की सतर्कता से युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन युवती का देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस और गोताखोरों की टीम युवती की तलाश में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, युवक और युवती ने अचानक नहर में छलांग लगाई। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना देखते ही तत्काल युवक को नहर से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मोतीपुर थाना प्रभारी आनंद चौरसिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, युवक की पहचान मिहींपुरवा निवासी शेख शरीफ के रूप में हुई है, जबकि युवती का नाम काजल बताया जा रहा है। नहर में तेज बहाव के कारण गोताखोरों को तलाश अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने नहर में मगरमच्छों की मौजूदगी की आशंका भी जताई है, जिससे बचाव अभियान और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया है। थाना प्रभारी आनंद चौरसिया ने बताया कि गोताखोरों की मदद से युवती की लगातार तलाश की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीरों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच करते हुए घटना के कारणों का भी पता लगा रही है।
विचपरी पुल से युवक-युवती ने लगाई छलांग:युवक सुरक्षित निकला, युवती की तलाश जारी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












