गिलौला ब्लॉक के ककंधू गांव में बुखार से एक मासूम बालिका की मौत और करीब 25 लोगों के बीमार होने की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में है। बीमारी पर नियंत्रण और ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए गांव में लगातार स्वास्थ्य निगरानी की जा रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सोनवा की डॉक्टरों की टीम गुरुवार को दोबारा गांव पहुंची। टीम ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, आवश्यक दवाएं वितरित कीं और बचाव संबंधी परामर्श दिए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को भी स्वास्थ्य शिविर लगाया गया था। गुरुवार को दूसरे दिन भी शिविर जारी रहा, ताकि सभी ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जा सके और किसी भी संभावित संक्रमण को समय रहते नियंत्रित किया जा सके। स्वास्थ्य दल का नेतृत्व डॉ. अखिलेश कुमार सिंह ने किया। टीम में आयुष चिकित्सक डॉ. उग्रसेन वर्मा, सीएचओ अजय कुमार और लैब टेक्नीशियन सुदर्शन सिंह शामिल रहे। वहीं ग्रामीण विकास सेवा संस्था की साधना, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पानकली वर्मा तथा आशा बहू पुष्पा तिवारी, गंगा देवी और सुनीता तिवारी ने भी अभियान में सक्रिय सहयोग दिया। सभी ने घर-घर जाकर लोगों का हालचाल जाना और जरूरतमंदों को स्वास्थ्य शिविर तक पहुंचाने में मदद की। उधर, संक्रमण की रोकथाम के लिए गांव में विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। सफाई कर्मियों ने नालियों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई की, जबकि पूरे गांव में चूने का छिड़काव कराया गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीणों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर आगे भी स्वास्थ्य शिविर और जागरूकता अभियान जारी रहेंगे।
मासूम की मौत के बाद हरकत में स्वास्थ्य विभाग:ककंधू में आज दूसरे दिन भी लगा शिविर, ग्रामीणों का जांच करके दवाएं दी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












