HomeHealth & Fitnessमुरैना: पत्नी और दो मासूम बच्चों की हत्या के बाद युवक ने...

मुरैना: पत्नी और दो मासूम बच्चों की हत्या के बाद युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक युवक ने अपनी पत्नी और दाे मासूम बच्चाें की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। इसके बाद आराेपी पति ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी।

पूरा मामला शुक्रवार रात का है। शनिवार सुबह हत्याकांड का खुलासा हुआ। सूचना मिलने के बाद माैके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।

घटना माता बसैया थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव की है। पुलिस के मुताबिक, 35 वर्षीय बलराम सिंह कुशवाहा पुत्र हरिचरण कुशवाह ने शुक्रवार देर रात सो रही अपनी 32 वर्षीय पत्नी रविता कुशवाहा पर कुल्हाड़ी से हमला किया।

इसके बाद उसने अपने दोनों बेटों, 8 वर्षीय आरव और 5 वर्षीय देबू पर भी ताबड़तोड़ वार किए। हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद गांव से कुछ दूरी पर स्थित शिकारपुर रेलवे फाटक पहुंचा और ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली।

बसैया थाना प्रभारी विवेक तोमर ने बताया कि वारदात घर के आंगन में हुई। घर चारों ओर से ऊंची बाउंड्री से घिरा हुआ है। शनिवार सुबह पड़ोसियों ने देखा कि घर का मुख्य गेट बाहर से बंद है।

शक होने पर उन्होंने बाउंड्री के ऊपर से अंदर झांक कर देखा तो महिला और दोनों बच्चों के शव पड़े मिले। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही माता बसैया थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी है।

घटनास्थल के हालात देखकर साफ है कि मृतका रविता ने खुद को और बच्चों को बचाने के लिए कड़ा संघर्ष किया था। उसका शव खटिया से करीब 20 फीट दूर मिला।

पुलिस को छानबीन के दौरान वारदात में इस्तेमाल की गई खून से सनी कुल्हाड़ी घर के भीतर से ही मिल गई है। दिल दहला देने वाली बात यह है कि मृतक बलराम की मां रामकली रातभर घर के बाहर ही सो रही थी, लेकिन उसे भीतर चल रहे इस कत्लेआम की भनक तक नहीं लगी।

मुख्यालय डीएसपी विजय भदौरिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बलराम का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। जिसकी वजह से वह कुछ दिन से अपने मायके कुतवार गांव में रह रही थी।

दो दिन पहले ही बलराम व अन्य लोग पंचायत के बाद उसे किशनपुर गांव लाये थे। शुक्रवार की रात बलराम और रविता में फिर विवाद हो गया। जिसके बाद गुस्से में बलराम ने पत्नी और अपने बच्चों पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया।

इसके बाद खुद घर से भाग गया। सुबह जब बलराम के घर के दरवाजे नही खुले तो पड़ोसियों ने देखा तो घर के आंगन में मां और दो बच्चों के रक्तरंजित शव पड़े थे। जिस पर पुलिस को सूचना दी गई।

उधर, शनिवार की सुबह पता चला कि शिकारपुर फाटक के पास जाकर बलराम ने भी ट्रेन के सामने जाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस अभी मोके पर पड़ताल कर रही है। फिलहाल पुलिस परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है।

सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मुरैना भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments