कौशाम्बी। जिले में श्रावण मास के पावन अवसर पर पुलिस लाइन परिसर स्थित जीर्णोद्धारित एवं सौंदर्यीकृत भव्य राधा-कृष्ण/शिव मंदिर में धार्मिक वातावरण में पूजा-अर्चना की गई। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंचकर आचार्य के मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधानपूर्वक भगवान शिव की पूजा की और जलाभिषेक किया।
पूजन-अर्चन के दौरान एसपी ने भगवान शिव से जनपद पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों सहित समस्त जिलेवासियों के सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगल की कामना की। मंदिर परिसर में मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठान से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी तथा उनके परिवारीजन मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों ने भी मंदिर में श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने प्रदेश व जनपद में सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।












