शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं एवं विकास कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करते हुए रैंकिंग सुधारें अधिकारी-जिलाधिकारी
श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में एवं मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद की उपस्थिति में आज कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से प्रदर्शित विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों एवं निर्माण कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में अवगत कराया गया कि माह जुलाई में जनपद श्रावस्ती की विकास एवं निर्माण कार्यों की संयुक्त रैंकिंग 13वीं तथा विकास कार्यों में 36वीं रैंक रही। माननीय मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनपद के कुल 85 कार्यक्रमों की समीक्षा में 57 कार्यक्रम ए श्रेणी, 05 कार्यक्रम बी श्रेणी, 03 कार्यक्रम सी श्रेणी, 02 कार्यक्रम डी श्रेणी तथा 18 कार्यक्रम अन्य श्रेणी में रहे।
विभागवार समीक्षा के दौरान ग्राम्य विकास/डीआरडीए, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग तथा समाज कल्याण विभाग से संबंधित कार्यक्रमों में अपेक्षित सुधार के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार ग्राम्य विकास/एनआरएलएम, महिला एवं बाल विकास/आईसीडीएस, नियोजन तथा लोक निर्माण विभाग के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी महोदया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन विभागीय योजनाओं एवं संकेतकों में अपेक्षित प्रगति नहीं है, उनमें प्राथमिकता के आधार पर सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि माननीय मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की नियमित एवं गहन समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि डैशबोर्ड पर रैंकिंग एवं श्रेणी में सुधार हेतु सभी अधिकारी अपने विभागीय संकेतकों की नियमित निगरानी करें तथा कम प्रगति वाले बिंदुओं पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।बैठक में सीएमआईएस पोर्टल की भी समीक्षा की गई। पोर्टल पर कुल 425 परियोजनाएं प्रदर्शित हैं, जिनमें 09 परियोजनाएं विलंबित तथा 247 परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा के अंतर्गत प्रगति पर हैं। जिलाधिकारी ने विलंबित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करते हुए परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। माननीय मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में जनपद में मार्क एवं रैंक के संबंध में भी समीक्षा की गई।
समीक्षा बैठक में एकल फैमिली आईडी की प्रगति पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि एकल फैमिली आईडी से संबंधित लंबित कार्यों एवं डाटा संबंधी कमियों का शीघ्र निस्तारण करते हुए पात्र परिवारों की फैमिली आईडी तैयार एवं अद्यतन कराने की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि उनके द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराते हुए संबंधित पोर्टल पर अद्यतन प्रगति दर्ज की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारी/कार्यदायी संस्था की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी। अन्त में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं एवं विकास कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करते हुए जनपद की रैंकिंग में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए।बैठक में सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, विभागीय अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।












